दीपक वर्मा संवाददाता
मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में होटल स्वर्णिम में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. तनेजा द्वारा किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी क्राइम मुजफ्फरनगर इन्दू सिद्धार्थ ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी और सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
आयोजक डॉ. तनेजा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने विचार साझा कर सकें और समाज में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही और सभी ने महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
