नितिन पंवार(संवाददाता):-
मेरठ। ईद के दिन सरधना थाना क्षेत्र के गांव मेहरमती गणेशपुर में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें ग्राम प्रधान सईद खान के दो भाइयों भूरा और सईमुद्दीन की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया जाता है कि ईद के दिन गांव में इरशाद पक्ष और दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान सईद खान के भाई भूरा और सईमुद्दीन पर हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरधना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अभिजीत कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने भूरा और सईमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
