नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी को फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इस्माइल के रूप में हुई है, जिसे पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को अज्ञात नंबर से फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में उनके निजी स्टाफ की ओर से दिल्ली के तुगलक रोड थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामला दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की, जो पश्चिम बंगाल की पाई गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने पश्चिम बंगाल पहुंचकर आरोपी मोहम्मद इस्माइल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि उसने धमकी क्यों दी और क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल है।
बताया गया है कि आरोपी ने फोन कॉल के अलावा व्हाट्सऐप मैसेज और वॉयस नोट भी भेजे थे। मैसेज में मंत्री के कार्यक्रमों और गतिविधियों का भी जिक्र किया गया था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया और उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
