मुजफ्फरनगर। शहर की साकेत कॉलोनी में रविवार को पति-पत्नी का विवाद उस समय सार्वजनिक हो गया जब एक विवाहिता अपने ससुराल के घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई और अंदर प्रवेश की मांग करने लगी। कई घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान कॉलोनी में लोगों की भीड़ लग गई और मामला चर्चा का विषय बना रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार साकेत कॉलोनी निवासी सचिन शर्मा की पत्नी ट्विंकल शर्मा रविवार को अपने ससुराल पहुंची और घर में प्रवेश करने की बात कही, लेकिन ससुराल पक्ष ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद ट्विंकल शर्मा घर के गेट के बाहर ही बैठ गई और आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसे ससुराल में नहीं रहने दिया जा रहा है।
बताया गया कि ट्विंकल शर्मा और सचिन शर्मा की शादी वर्ष 2023 में हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा है। विवाहिता का आरोप है कि उसे प्रताड़ित किया गया और बाद में उसे ससुराल से अलग कर दिया गया। अब जब वह ससुराल में रहने के लिए पहुंची तो उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया, जिसके विरोध में वह गेट के बाहर बैठ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और काफी देर तक वहां भीड़ लगी रही। कॉलोनी में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बाद में सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस ने पति-पत्नी और परिजनों को समझाने का प्रयास किया तथा मामले को आपसी बातचीत से सुलझाने की सलाह दी।
पुलिस का कहना है कि मामला पति-पत्नी के बीच का पारिवारिक विवाद है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
