मुजफ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय आमंत्रण ओपन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में बागपत को 25–9 से हराकर चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता का आयोजन खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं कबड्डी संघ के तत्वावधान में जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में किया गया।
समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने विजेता टीम को पगड़ी, पदक, चैम्पियनशिप ट्रॉफी और ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें उचित मंच और प्रशिक्षण देने की। उन्होंने प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों से अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि अर्जुन देशवाल (डीएसपी एवं अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी) ने फाइनल मैच का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता व उपविजेता टीम को शुभकामनाएं दीं। समापन समारोह में मुजफ्फरनगर के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी मुख्य अतिथि द्वारा शॉल व फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बृजेश सिंह, नपेंद्र जी, विकास तोमर (अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी), राहुल (प्रो कबड्डी खिलाड़ी), राजीव, रोहित, रवि, अमित, नीरज (राष्ट्रीय खिलाड़ी), रामपाल सिंह (जिला ओलंपिक संघ), पुनीत तेवतिया (जिला कबड्डी संघ हापुड़), गोपेंद्र (मेरठ), अरविंद कुमार (बिजनौर), निशांत (सहारनपुर) और धर्मेंद्र कोच बसेड़ा सहित कई खेल अधिकारी व अतिथि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के आयोजन में जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर के प्रशिक्षकों व स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अतिथियों का स्वागत प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव और उप क्रीड़ा अधिकारी कुमारी पूनम बिश्नोई ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर किया। कार्यक्रम का संचालन कुमारी पूनम बिश्नोई और डॉ. राजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
