गाज़ियाबाद। दिल्ली से सटे गाज़ियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार कॉलोनी में एक 22 वर्षीय गर्भवती महिला का शव घर के अंदर खून से सना मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
मृतका की पहचान चांदनी देवी (22) निवासी जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है। वह अपने पति विपिन केवट और डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ नवनीत विहार में किराए के मकान में रह रही थी। पड़ोसियों के अनुसार देर रात घर के बाहर बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो महिला का शव फर्श पर पड़ा मिला, जबकि पास ही मासूम बच्ची बैठी थी। महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।
मृतका के पिता सुनील केवट ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और पति ने ही उसकी हत्या की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से पति फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group