मुजफ्फरनगर, 23 मार्च 26। जनपद में संचालित निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को अचानक निरीक्षण पर पहुंची। डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने रुड़की रोड स्थित दो निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों की गहन जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार ने रुड़की रोड स्थित डिवाइन हॉस्पिटल और गंगा हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा अभिलेखों के रख-रखाव की विस्तार से जांच की गई।
जांच के दौरान दोनों अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे संचालित पाए गए। इस पर डिप्टी सीएमओ ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सीसीटीवी सिस्टम का नियमित रख-रखाव कराया जाए और सभी कैमरे लगातार चालू स्थिति में रहें, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
निरीक्षण में फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित दस्तावेज, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण अभिलेख अद्यतन एवं व्यवस्थित पाए गए। निरीक्षण के समय पंजीकृत चिकित्सक डॉ. वर्षा और डॉ. पूर्णिमा अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए उपस्थित मिलीं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि अस्पतालों में साफ-सफाई, रिकॉर्ड व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाया जाए तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रखी जाए।
उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में जनपद के अस्पतालों का इस प्रकार औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बनी रहे और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहें। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्टेनो दीपक कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group