शामली, 23 मार्च 26। जनपद के थाना बाबरी क्षेत्र के गांव रायपुर में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोने के कुंडल लूटने के लिए दो युवकों ने वृद्धा की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से लूटे गए सोने के कुंडल बरामद कर लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव रायपुर निवासी बुजुर्ग महिला रामप्यारी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनके कानों में पहने सोने के कुंडलों पर उनकी नजर पड़ गई। आरोप है कि दोनों युवकों ने कुंडल लूटने का प्रयास किया, लेकिन रामप्यारी ने विरोध किया। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट कर दी और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी कानों से कुंडल निकालकर मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया और सर्विलांस व मुखबिर की मदद से मामले का खुलासा किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों साहिल और मोइन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने कुंडल लूटने के लिए रामप्यारी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए सोने के कुंडल भी बरामद कर लिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
