सहारनपुर, 23 मार्च 26। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मंडी कोतवाली क्षेत्र के शकलापुरी रोड पर सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि उसका साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रथम अमित कुमार श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंडी कोतवाली पुलिस की टीम देर रात शकलापुरी रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार युवक रुकने के बजाय तेजी से भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। भागते समय बदमाशों की बाइक कच्चे रास्ते पर फिसलकर गिर गई। गिरने के बाद भी बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी और वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया।
पुलिस द्वारा घायल अवस्था में गिरफ्तार बदमाश की पहचान सागर निवासी दुर्गापुरी कॉलोनी, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सागर शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं। वह हाल ही में कोतवाली मंडी में दर्ज एक बलवा के मामले में फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई थी।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़, जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों और आसपास के जंगल क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group