मुजफ्फरनगर, 23 मार्च 2026। जनपद मुजफ्फरनगर के लिए प्रदेश सरकार की ओर से एक महत्वपूर्ण विकास योजना की घोषणा की गई है। लखनऊ में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में मुजफ्फरनगर नगर पालिका को नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय को जनपद के शहरी विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री (व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता) कपिल देव अग्रवाल द्वारा मुजफ्फरनगर शहर के सुनियोजित विकास के लिए यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री एवं नगर विकास विभाग के समक्ष प्रस्तुत किया गया था, जिसे अब सरकार की मंजूरी मिल गई है। योजना के अंतर्गत शहर में आधारभूत सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाएगा तथा नगर की व्यवस्थाओं को स्मार्ट सिटी मॉडल के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस योजना के तहत शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, पेयजल आपूर्ति सुधारने, एलईडी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, डिजिटल सेवाओं का विस्तार, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों का विकास सहित अन्य शहरी सुविधाओं पर विशेष कार्य किया जाएगा। इससे शहर की आधारभूत संरचना में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
बताया गया है कि नवयुग पालिका योजना के अंतर्गत प्रदेश के कुल 58 नगर निकायों का चयन किया गया है, जिनके विकास कार्यों के लिए प्रतिवर्ष लगभग 583.20 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। इस धनराशि से नगर निकायों में विभिन्न विकास योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना मुजफ्फरनगर के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और शहर को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
शहरवासियों को उम्मीद है कि योजना के लागू होने के बाद मुजफ्फरनगर में शहरी सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा और शहर विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
