मुजफ्फरनगर, 23 मार्च 26। भोपा थाना क्षेत्र के गांव शाहदरा बांगर में सोमवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की तलवारों से हमला कर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी है।
जानकारी के अनुसार गांव शाहदरा बांगर निवासी अक्षय कुमार सोमवार को अपने खेत से कार्य समाप्त कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के निकट पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही तीन लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घायल अक्षय जान बचाने के लिए पास के एक घेर (पशुओं के अहाते) में घुस गया, लेकिन हमलावर उसके पीछे घेर में भी घुस गए।
बताया जाता है कि हमलावरों ने वहां भी अक्षय पर हमला जारी रखा और बाद में उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही भोपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गांव में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group