मुजफ्फरनगर, 24 मार्च 2026। जनपद में सड़क पर स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर वीडियो डालने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए थाना छपार क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनकी मोटरसाइकिल सीज कर दी। पुलिस की इस कार्रवाई से स्टंटबाजी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत छपार पुलिस ने बरला-बसेड़ा मार्ग पर खतरनाक स्टंट करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों युवक मोटरसाइकिल से जानलेवा करतब दिखा रहे थे, जिससे न केवल उनकी खुद की जान जोखिम में थी बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ रही थी। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया।
क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर और थाना प्रभारी छपार मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए युवकों में वसीम पुत्र नसीम निवासी हजारा ग्रांट थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार तथा जुनैद पुत्र अनीस निवासी बसेड़ा थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर शामिल हैं। पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि जनपद में सड़क को स्टंट का मंच बनाने वाले लापरवाह युवकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। स्टंटबाजी, हुड़दंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
