मुजफ्फरनगर, 23 मार्च 2026।
नवरात्र पर्व एवं मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने नगर क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। गश्त के दौरान सिविल लाइन और नई मंडी थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी नई मंडी बृजेश कुमार शर्मा तथा महिला थाना प्रभारी संगीता डागर सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
गश्त का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा का एहसास कराना और समाज में सकारात्मक वातावरण स्थापित करना रहा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने शहर के दुर्गा मंदिरों और लक्ष्मी नारायण मंदिर में दर्शन भी किए तथा वहां मौजूद महिलाओं और बालिकाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
पैदल गश्त के दौरान महिला सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के लिए जनपद को उपलब्ध कराई गई आधुनिक होंडा सीबी 350 मोटरसाइकिलें भी गश्त में शामिल रहीं। इन मोटरसाइकिलों के माध्यम से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी गश्त व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत आगे भी इसी तरह बाजारों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान और गश्त जारी रहेगी, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके।
