मुजफ्फरनगर, 23 मार्च 2026। जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में व्यापारी सुरक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने की, जिसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारी, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गोष्ठी में एसएसपी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। व्यापारियों ने सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, बाजारों में अतिक्रमण, रात्रि गश्त और साइबर ठगी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और विधिक निस्तारण के निर्देश दिए।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि मुजफ्फरनगर पुलिस व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा शहर में लगातार गश्त की जा रही है, लेकिन व्यापारियों को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना होगा। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, कैमरों की सही दिशा रखने, बाजारों में सामूहिक रूप से कैमरे लगवाने, रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा सुरक्षा गार्ड रखने की अपील की। साथ ही नकदी ले जाते समय पुलिस को सूचना देने की भी सलाह दी।
बैठक में मिशन शक्ति 5.0 अभियान की भी चर्चा हुई, जिसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
गोष्ठी के अंत में व्यापारियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार सहित पुलिस, प्रशासन, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग और यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
