ग्रेटर नोएडा। महाशिवरात्रि के व्रत के दौरान कुट्टू का आटा खाने से अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। मामला ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र का है, जहां अलग-अलग सोसाइटी में रहने वाले करीब 35 से 40 लोगों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत के बाद निजी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कई परिवारों ने व्रत के लिए बाजार से खरीदा गया कुट्टू का आटा इस्तेमाल किया था। भोजन करने के कुछ ही घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश की हालत स्थिर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि संबंधित आटा क्षेत्र की दो किराना दुकानों से बेचा गया था, जिन्हें यह माल चिपियाना बुजुर्ग स्थित एक गोदाम से सप्लाई हुआ था। टीम ने छापेमारी कर दोनों दुकानों और गोदाम को सील कर दिया तथा संदिग्ध आटे के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि यदि लैब रिपोर्ट में मिलावट या लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारियों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group