मुजफ्फरनगर/देहरादून, मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के गांव अथाई निवासी बीटेक छात्र दिव्यांशु जाटराना की देहरादून में मारपीट की घटना के बाद उपचार के दौरान देर रात मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अथाई निवासी दिव्यांशु जाटराना (लगभग 21 वर्ष) पुत्र अमित जाटराना देहरादून में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और वर्तमान में प्रेमनगर क्षेत्र में रह रहा था। बताया जा रहा है कि प्रेमनगर इलाके में कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद हो गया, जिसमें मारपीट के दौरान दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि एम्बुलेंस में तकनीकी खराबी आने के कारण पुलिस ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से दून अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को भी घटना की सूचना दी।
दून अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात दिव्यांशु जाटराना की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में धारा 3(5), 61(2), 103(1), 191(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं युवक की मौत से गांव अथाई और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।
