मुजफ्फरनगर, 24 मार्च 26। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के गांव शाहदरा बांगर में अवैध संबंधों के विवाद को लेकर एक युवक की धारदार हथियारों व गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार ग्राम शाहदरा बांगर निवासी अक्षय (26 वर्ष) पुत्र चंद्रपाल की बीती रात गांव के ही मनोज पुत्र महावीर, युवक पुत्र मनोज तथा भरत पुत्र संजय द्वारा कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर तथा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत वाजपेई तथा थाना भोपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
बताया जा रहा है कि मृतक अक्षय के मनोज की पत्नी के साथ अवैध संबंध बताए जा रहे थे। मनोज की पत्नी की कुछ समय पूर्व मौत हो चुकी है और मनोज अपनी पत्नी की मौत का जिम्मेदार भी अक्षय को मानता था। इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से बातचीत की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी हैं और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group