मुजफ्फरनगर, 24 मार्च 26। जनपद में ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकरों पर कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध रूप से लगे लाउडस्पीकर हटवाए गए तथा कई स्थानों पर ध्वनि स्तर निर्धारित सीमा तक कम कराया गया।
पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान कुल 34 लाउडस्पीकर उतरवाए गए, जबकि लगभग 100 लाउडस्पीकरों की आवाज मानक के अनुसार कम कराई गई। यह कार्रवाई मुख्य रूप से शहर क्षेत्र के सिविल लाइन और खालापार थाना क्षेत्र में की गई, जहां नियमों के विपरीत तेज आवाज में लाउडस्पीकर चलने की शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण को लेकर उच्चतम न्यायालय एवं शासन की गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा है। नियमों के अनुसार बिना अनुमति लाउडस्पीकर लगाना और निर्धारित डेसीबल सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाना प्रतिबंधित है। इसी के तहत अभियान चलाकर धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य संस्थानों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान हटाए गए लाउडस्पीकर संबंधित थानों में जमा कराए गए हैं। साथ ही संबंधित प्रबंधन समितियों और जिम्मेदार लोगों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी धार्मिक स्थलों, संस्थानों और आम नागरिकों से अपील की कि लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही करें, ताकि किसी को असुविधा न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group