गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के ट्रोनिका सिटी थाना इलाके में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और अपने ही मित्र की कथित अवैध संबंधों के शक में हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी घर का दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के बुद्ध बाजार इलाके में रहने वाला राशिद लकड़ी का काम करता था। उसका मित्र फहीम अक्सर उसके घर आता-जाता था। इसी दौरान राशिद को अपनी पत्नी शबनम और फहीम के बीच नजदीकियों का शक हो गया था, जिसको लेकर घर में कई बार विवाद भी हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर तनाव चल रहा था।
बताया जाता है कि सोमवार रात राशिद ने अपने मित्र फहीम को फोन करके अपने नए मकान पर बुलाया। वहां उसकी पत्नी शबनम भी मौजूद थी। तीनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर राशिद ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पत्नी और उसके मित्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और घर में ताला लगा दिया।
घटना के समय आरोपी का एक छोटा बेटा घर में ही मौजूद था, जबकि परिवार के अन्य बच्चे दूसरे मकान में थे। देर रात पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर देखा तो कमरे और सोफे पर खून फैला हुआ था और दोनों के शव पड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंधों के शक में हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा
