मुजफ्फरनगर, 24 मार्च 2026। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जनपद में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान (फेज-2) का शुभारम्भ जिला पंचायत सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल मुख्य अतिथि रहे तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। अभियान के तहत टीबी मुक्त समाज बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, समाजसेवियों और संस्थाओं से टीबी मरीजों को गोद लेने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 25 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। अधिकारियों ने बताया कि समाज के सहयोग से टीबी मरीजों को पोषण, दवा और मानसिक सहयोग मिलेगा, जिससे टीबी मुक्त समाज का लक्ष्य जल्दी पूरा किया जा सकेगा।
इस अवसर पर वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित हुई 38 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों और ग्राम सचिवों को सम्मानित किया गया। जनपद की कुल 487 ग्राम पंचायतों में से 25 ग्राम पंचायत ब्रॉन्ज, 10 सिल्वर और 3 गोल्ड कैटेगरी में शामिल रही हैं, जो जनपद के लिए उपलब्धि मानी जा रही है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया कि वे कम से कम एक टीबी मरीज को गोद लें और अपने स्तर से पांच अन्य मरीजों को गोद लेने के लिए लोगों को प्रेरित करें, ताकि जनपद टीबी मुक्त अभियान में प्रदेश में अग्रणी बन सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को इलाज के दौरान पोषण सहायता के रूप में 6 हजार रुपये दो किश्तों में दिए जाते हैं। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध लोगों, एनजीओ और संस्थाओं से निक्षय मित्र बनने और टीबी मरीजों की मदद करने की अपील की।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश चन्द्र गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा 24 मार्च 2026 को 100 डे टीबी मुक्त भारत अभियान फेज-2 का शुभारम्भ किया गया है, जिसके क्रम में जनपद में भी अभियान शुरू किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद में टीबी मरीजों को गोद लेने में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों में साई दान फाउंडेशन, डॉ. मुकेश जैन और डॉ. एम.एल. गर्ग को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव, एनजीओ संस्थाएं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
