मुजफ्फरनगर, 24 मार्च 2026। मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खण्ड चरथावल परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माननीय मंत्री अनिल कुमार ने की, जहां कुल 91 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के वर-वधुओं का विवाह विधिवत रीति-रिवाज के साथ सम्पन्न कराया गया। इनमें 61 हिन्दू तथा 30 मुस्लिम जोड़ों का विवाह कराया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना समाज के सभी वर्गों को सम्मान, सुरक्षा और खुशियों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को मिष्ठान देकर विदाई दी गई। आयोजन में ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर, जिला अध्यक्ष संजय राठी, मनोज कश्यप, ब्लॉक प्रमुख बघरा गौरव चौधरी, चेयरमैन जसवीर, विपुल त्यागी, खंड विकास अधिकारी चरथावल प्रवीण कुमार, एडीओ, ब्लॉक स्टाफ, क्षेत्र के प्रधानगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
