मुजफ्फरनगर। नई मण्डी थाना क्षेत्र के पचेण्डा रोड स्थित रजवाहे की पुलिया पर सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब आठ बजे राहगीरों ने पुलिया के किनारे युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नई मण्डी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान युवक मृत पाया गया। मृतक की पहचान मोनू कुमार पुत्र शिव कुमार निवासी बच्चन सिंह कॉलोनी, थाना नई मण्डी के रूप में कराई गई। जिसकी शादी सात दिन बाद थी।
पुलिस को शव के समीप एक चाकू बरामद हुआ है, जबकि युवक के हाथ की नस कटी हुई पाई गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या की ओर संकेत करता है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी नई मण्डी राजू कुमार साव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
