मुजफ्फरनगर, 24 मार्च 2026। धार्मिक एवं पर्यटक नगरी शुकतीर्थ स्थित गंगा घाट पर “स्वच्छता पखवाड़ा–2026” के तहत विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला गंगा समिति मुजफ्फरनगर द्वारा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में सम्पन्न कराया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान शुकतीर्थ स्थित गंगा पार्क और घाट परिसर में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने श्रमदान कर घाट की सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके बाद पीपल के पेड़ की छांव में गंगा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को कैप वितरित की गईं, ताकि वे स्वच्छता अभियान का संदेश समाज तक पहुंचा सकें।
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार ने नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन गंगा शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वामी कल्याण देव इंटर कॉलेज एवं श्री शुकदेव संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विशेष रूप से भाग लेकर स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग एवं सदस्य सचिव जिला गंगा समिति अभिनव राज के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक वानिकी प्रभाग के वन रक्षक अमित कुमार, नन्द किशोर, प्रियंका कुमारी, वन दरोगा सिंपल कुमारी तथा गंगा सेवा समिति के महामंत्री महकार सिंह सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
