मेरठ। 24 मार्च 26। सरधना क्षेत्र के थाना इंचौली अंतर्गत ग्राम भगवानपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा अनावरण से पहले ही अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिए जाने से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीण मौके पर ही धरने पर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
जानकारी के अनुसार ग्राम भगवानपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की नई प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसका विधिवत अनावरण 30 मार्च को प्रस्तावित था। गांव में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन मंगलवार सुबह जब ग्रामीण प्रतिमा स्थल पर पहुंचे तो प्रतिमा टूटी हुई मिली। यह खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर माहौल खराब करने के उद्देश्य से प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने मौके पर धरना देते हुए मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, नई प्रतिमा स्थापित कराई जाए और प्रतिमा स्थल पर स्थायी सुरक्षा की व्यवस्था की जाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
बताया जा रहा है कि प्रतिमा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्थापित कराई गई थी और अनावरण कार्यक्रम को लेकर गांव में काफी उत्साह था। घटना के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की निंदा की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group