नई दिल्ली, 25 मार्च 26। राजधानी दिल्ली से संचालित अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 21 अत्याधुनिक विदेशी हथियार तथा 200 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में स्पेशल फोर्सेज द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली अत्याधुनिक पिस्टल भी शामिल बताई जा रही है।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह काफी समय से सक्रिय था और पाकिस्तान से नेपाल सीमा के रास्ते अवैध विदेशी हथियार भारत लाकर दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य राज्यों के आपराधिक गिरोहों को सप्लाई करता था। प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के तार बांग्लादेश से भी जुड़े होने की बात सामने आई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि इस पूरे गिरोह का संचालन पुरानी दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाके से किया जा रहा था, जहां से तस्कर पूरे नेटवर्क को नियंत्रित करते थे। आरोपी अपराधियों की मांग के अनुसार अलग-अलग प्रकार के आधुनिक हथियार उपलब्ध कराते थे। बरामद हथियारों में सब-मशीन गन, बेरेटा, टॉरस, वाल्थर, सीजेड शैडो और अन्य विदेशी हथियार शामिल हैं, जिनकी मारक क्षमता काफी अधिक बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, हथियार खरीदने वालों और सीमा पार बैठे सरगनाओं की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का खुलासा हुआ है और आगे भी इस मामले में कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group