नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित विधानसभा भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। विधानसभा को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि परिसर में 16 आरडीएक्स से भरे आईईडी बम लगाए गए हैं, जो कभी भी विस्फोट कर सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं और पूरे परिसर को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल विधानसभा सचिवालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था। ईमेल में विधानसभा भवन के अलावा आसपास के क्षेत्र और मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई थी। धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर की सुरक्षा तुरंत बढ़ा दी गई और आम लोगों की आवाजाही पर भी कुछ समय के लिए रोक लगा दी गई।
सूचना पर दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटे तक विधानसभा परिसर, पार्किंग, भवन और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने एंटी-सबोटाज जांच भी की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल किसने भेजा, इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। ईमेल की लोकेशन और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले भी कई सरकारी संस्थानों, स्कूलों और महत्वपूर्ण भवनों को इस प्रकार के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं, जिनमें से कई मामले फर्जी निकले थे, फिर भी सुरक्षा के लिहाज से हर सूचना को गंभीरता से लिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group