मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 26। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र के गांव खुजेडा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने उस समय उग्र रूप ले लिया जब दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव खुजेडा निवासी साहिल पुत्र यामीन तथा दूसरे पक्ष के रिजवान पुत्र नसीम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। पथराव के दौरान क्षेत्र में भगदड़ मच गई और कई लोगों ने अपने घरों में घुसकर जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके से साहिल पुत्र यामीन तथा रिजवान पुत्र नसीम निवासी गांव खुजेडा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी तितावी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
