मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 2026। जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर व ग्रामीण, जिला पूर्ति अधिकारी, विभिन्न तेल कंपनियों के विक्रय अधिकारी तथा जनपद के सभी गैस वितरक उपस्थित रहे।
बैठक में सिलेंडर बुकिंग और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि गैस वितरक बुकिंग के बैकलॉग के आधार पर ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराएं और गोदाम तथा डिलीवरी प्वाइंट पर यह सूचना चस्पा करें कि किस तिथि की बुकिंग पर गैस वितरण किया जा रहा है। अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि गोदामों पर भीड़ कम हो और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी उपभोक्ता द्वारा गैस प्राप्त करने के लिए अनावश्यक दबाव बनाया जाता है या कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है तो पुलिस विभाग गैस वितरकों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करेगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि गैस कालाबाजारी में किसी भी गैस वितरक की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण विनियमन) संशोधन आदेश-2026 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, जिसके अनुसार जिन परिवारों के पास पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और घरेलू एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें एक कनेक्शन वापस करना होगा और एलपीजी रिफिल नहीं मिलेगा। ऐसे परिवारों से अपील की गई कि वे एक कनेक्शन तत्काल सरेंडर करें, जिससे गैस आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
गैस गोदामों और प्रतिष्ठानों पर एचडी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा बिजली जाने पर भी कैमरे चालू रहने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन द्वारा संयुक्त टीम गठित की गई है, जो नियमित निरीक्षण और छापेमारी करेगी।
अधिकारियों ने बताया कि ऑयल कंपनियों के नियम अनुसार रिफिल लेने के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग की जा सकती है, जबकि डबल सिलेंडर उपभोक्ता 35 दिन बाद बुकिंग कर सकते हैं। उपभोक्ताओं से ई-केवाईसी कराने और मोबाइल एप या फोन के माध्यम से घर बैठे गैस बुकिंग करने की अपील की गई, ताकि गैस एजेंसियों पर भीड़ न हो।
बैठक के अंत में प्रशासन और पुलिस विभाग ने आमजन को आश्वस्त किया कि जनपद में एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group