मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक सभागार में ऋण वितरण कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र, चेक एवं टूल किट वितरित की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने जनपद के विभिन्न बैंकों द्वारा स्वीकृत ऋण के चेक लाभार्थियों को वितरित किए। इस दौरान उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के लाभार्थियों को भी ऋण चेक प्रदान किए गए। इसके साथ ही एक जनपद एक उत्पाद योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को स्वीकृत ऋण के चेक भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने सभी बैंक अधिकारियों से सरकार की योजनाओं के अंतर्गत अधिक से अधिक ऋण वितरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सभी विभागों और बैंक अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेंद्र पॉल, अग्रणी जिला प्रबंधक अनिल कुमार सिंह, पीओ नेडा भजन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने भाग लिया।
