मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 2026। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन कार्ड धारकों के लिए महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की जा रही है। खाद्य एवं रसद विभाग के निर्देशानुसार अप्रैल 2026 में पात्र लाभार्थियों को तीन माह का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा। इसमें अप्रैल, मई और जून माह का राशन एकमुश्त दिया जाएगा।
जिला पूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण प्रणाली को व्यवस्थित करना, गोदामों में नए अनाज के भंडारण के लिए स्थान उपलब्ध कराना तथा लाभार्थियों को सुविधा प्रदान करना है। तीन माह का राशन एक साथ मिलने से कार्ड धारकों को हर महीने राशन की दुकान पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रति यूनिट प्रति माह 5 किलो खाद्यान्न मिलता है। इस बार तीन महीने का राशन एक साथ वितरित होने के कारण लाभार्थियों को प्रति यूनिट लगभग 15 किलो तक अनाज एक बार में दिया जाएगा। राशन वितरण के दौरान आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा, इसलिए सभी कार्ड धारक अपना आधार कार्ड राशन कार्ड से लिंक और ई-केवाईसी अवश्य पूर्ण करा लें।
जिला पूर्ति विभाग ने सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि अप्रैल माह में निर्धारित समय के भीतर सभी कार्ड धारकों को तीन माह का राशन वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर अपनी राशन दुकान से संपर्क कर समय से राशन प्राप्त करें, ताकि बाद में भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की जा रही है और इसका उद्देश्य लाभार्थियों को सुविधा देने के साथ-साथ खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।
