मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 2026। थाना भोपा क्षेत्र के गांव शाहदरा बांगर में अवैध संबंधों को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के चाचा, चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया तथा एक नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, दराती और छुरी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम शाहदरा बांगर निवासी अक्षय कुमार की 23 मार्च को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई अर्जुन सिंह पुत्र चन्द्रपाल सिंह ने थाना भोपा में तहरीर देकर गांव के ही मनोज पुत्र महावीर, उसके पुत्र तथा भतीजे पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने 24 मार्च को कार्रवाई करते हुए मनोज पुत्र महावीर तथा भरत सिंह पुत्र संजय निवासी ग्राम शाहदरा बांगर को जौली से विलायतनगर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी मनोज ने पुलिस को बताया कि मृतक अक्षय कुमार के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे, जिसको लेकर परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था और उसकी पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली थी। आरोपी के अनुसार मृतक उसके नाबालिग पुत्र को ताने मारकर परेशान करता था। 23 मार्च को खेत पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने अपने पुत्र और भतीजे के साथ मिलकर अक्षय कुमार पर दराती से हमला किया और बाद में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक दराती तथा एक छुरी बरामद की गई है। थाना भोपा पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
