मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 26। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद मुजफ्फरनगर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देश के 24 राज्यों से आई महिला खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी, पुलिस विभाग के अधिकारियों तथा खेल विभाग से जुड़े पदाधिकारियों ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 सहित कई सेवाएं संचालित की जा रही हैं। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी या अन्य अपराध होने पर तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां आई अन्य राज्यों की खिलाड़ी भी इस अभियान से जुड़कर अपने-अपने राज्यों में महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश पहुंचाएंगी। इससे देशभर में महिलाओं के प्रति जागरूकता और सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, बालिका शिक्षा, दहेज उत्पीड़न कानून और घरेलू हिंसा अधिनियम जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों को जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई।
अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति को इसके लिए आगे आना होगा। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से लगातार महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
