मुजफ्फरनगर(नव जागरण पोस्ट)। 25 मार्च 26।जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सिम बॉक्स आधारित फर्जी टेलीफोन एक्सचेंज चलाकर भारत सरकार को राजस्व हानि पहुंचाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में सिम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और टेलीकॉम उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध और थाना प्रभारी साइबर क्राइम सुल्तान सिंह के नेतृत्व में की गई।
साइबर क्राइम पुलिस को भारत सरकार के संचार मंत्रालय से सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना खतौली क्षेत्र के ग्राम शेखपुरा में अवैध रूप से सिम बॉक्स आधारित टेलीफोन एक्सचेंज संचालित किया जा रहा है। सूचना पर साइबर टीम ने तकनीकी जांच और निगरानी के बाद कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध टेलीफोन एक्सचेंज के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में परिवर्तित कर रहे थे, जिससे भारत सरकार को बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान हो रहा था। साथ ही इस सिस्टम का उपयोग साइबर अपराधों में भी किया जाता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वसीम पुत्र युसुफ निवासी ग्राम शेखपुरा थाना खतौली जनपद मुजफ्फरनगर तथा वकील पुत्र शकील निवासी मोहल्ला कल्याण सिंह अटोरा रोड मवाना जिला मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 36 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड, 1 डिस कार्ड, 10 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप तथा 2 नोकिया रिमोट रेडियो यूनिट बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों फिरोज पुत्र अय्यूब, फिरोज पुत्र कमरूद्दीन और वासित के साथ मिलकर यह अवैध सेटअप चला रहे थे। सिम बॉक्स और अन्य उपकरण लगाकर फर्जी सिम के माध्यम से कॉल ट्रैफिक को लोकल नेटवर्क में बदल दिया जाता था, जिससे अच्छी कमाई होती थी। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस संबंध में थाना साइबर क्राइम मुजफ्फरनगर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह एक संगठित साइबर और टेलीकॉम फ्रॉड गिरोह है, जिसके नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह, निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल बालकिशन, आकाश, सुनील कुमार तथा कांस्टेबल राहुल और रोबिन कसाना की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group