मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 26। जनपद मुजफ्फरनगर की थाना नई मंडी पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे और एक चाकू भी बरामद किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव एवं थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
बताया गया कि दिनांक 16 फरवरी 2026 को ग्राम बागोवाली निवासी गुलशेर पुत्र फजलू रहमान ने थाना नई मंडी में तहरीर देकर बताया था कि गांव के ही साहिद पुत्र मूसा तथा उसके पुत्र सहमा और अबूबकर ने उसके भाई पर लाठी, डंडों और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल की उपचार के दौरान 19 फरवरी 2026 को मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में थाना नई मंडी पर मुकदमा अपराध संख्या 72/2026 धारा 131/103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में 25 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना नई मंडी पुलिस ने बागोवाली से सिसौना जाने वाले मार्ग पर मदरसे वाले रास्ते के पास से तीनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सहमा पुत्र साहिद (उम्र लगभग 19 वर्ष), अबूबकर पुत्र साहिद (उम्र लगभग 32 वर्ष) तथा साहिद पुत्र मूसा (उम्र लगभग 58 वर्ष) निवासी ग्राम बागोवाली थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गांव के रहने वाले उवेश उर्फ आवेश के परिवार के साथ उनका विवाद हो गया था, जिसके चलते उन्होंने मारपीट की थी और घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे थे और भागने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, कांस्टेबल कुलदीप, कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल कपिल शामिल रहे।
