मुजफ्फरनगर (नव जागरण पोस्ट)। ग्रामीण मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ ब्लॉक मोरना के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक गंगा पब्लिक पूर्व माध्यमिक विद्यालय, मोरना में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैयालाल ने की, जबकि संचालन महासचिव मास्टर बिजेंद्र उपाध्याय द्वारा किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष चौधरी चन्द्रपाल सिंह ने कहा कि शिक्षा ही उन्नति का एकमात्र साधन है और समाज के विकास के लिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी उच्च स्तर की शिक्षा मिल सके।
प्रदेश अध्यक्ष चौधरी चन्द्रपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन की ओर से अप्रैल माह में एक भव्य शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद मुजफ्फरनगर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम ब्लॉक मोरना के सौजन्य से आयोजित किया जाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैयालाल ने कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह को सफल बनाने के लिए पूरे ब्लॉक के विद्यालय एकजुट होकर कार्य करेंगे। बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षक सम्मान समारोह समिति का अध्यक्ष संतोष कुमार गुर्जर को मनोनीत किया गया।
बैठक में संजीव काकरान, दीपक कुमार, तेजवीर सिंह, रवि कुमार, ब्रह्मा सिंह (ब्लॉक संरक्षक), संतोष कुमार, विनीत उपाध्याय, योगेश कुमार, ललित कुमार, राजीव चेयरमैन, नावेद आलम, सुशील उपाध्याय, शशि भूषण, सुबोध कुमार, सोयबा फातिमा, शहजादी सिद्दकी सहित अनेक प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में शिक्षा के स्तर को सुधारने और संगठन को मजबूत बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
