शामली, 26 मार्च 26। जनपद के एक गांव निवासी युवक पर मेले से लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाकर जानलेवा हमला कर दिया। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव तलवा माजरा निवासी अभी (22 वर्ष) पुत्र सुनील कुमार नवरात्र के अवसर पर गोहरपुर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में लगे मेले को देखने गया था। देर शाम वह अपने साथियों के साथ बाइक से वापस गांव लौट रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही युवक गोहरपुर-तलवा मार्ग पर पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने युवक से कहासुनी के बाद अचानक तमंचा निकाल लिया और उस पर फायर कर दिया। गोली युवक के पेट में लग गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल शामली के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान युवक को मृत्यु हो गई ,
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
