मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना नई मंडी पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से अवैध तलवार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराते हुए रील बनाता दिखाई दे रहा था। वीडियो से क्षेत्र में भय का माहौल बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने युवक की पहचान रिंकू पुत्र राम सजीवन निवासी सैनिक विहार, थाना नई मंडी के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ए टू जेड रोड स्थित सहावली कट के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से वीडियो में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
