मेरठ, 26 मार्च 26। जनपद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद दिए गए भड़काऊ बयान के मामले में भाजपा से जुड़े बताए जा रहे स्थानीय नेता हसीन यासीन को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व मेरठ के भगवानपुर क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। इसी घटना को लेकर एक सभा के दौरान हसीन यासीन ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि जो व्यक्ति प्रतिमा तोड़ने वाले का हाथ काटकर लाएगा, उसे 11 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
प्रशासन ने बयान को कानून व्यवस्था के लिए खतरा और हिंसा के लिए उकसाने वाला मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना स्तर पर मुकदमा दर्ज किया गया और हसीन यासीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती और इस प्रकार के भड़काऊ बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि बयान के वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई। वहीं विवाद बढ़ने पर हसीन यासीन द्वारा अपने बयान पर खेद भी व्यक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group