
मुजफ्फरनगर, 26 मार्च 26। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 (द्वितीय चरण) एवं नवरात्रि सप्ताह के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देना रहा।
पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने आईटीआई परिसर में जागरूकता स्टॉल लगाकर छात्राओं एवं महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। इस दौरान महिला सुरक्षा कानून, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 पर संपर्क करें। साथ ही वीमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
मिशन शक्ति टीम ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की ही नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है और सभी लोगों को मिलकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए काम करना चाहिए। जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं एवं महिलाओं ने भाग लिया और पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताया।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाया जा सके।
