गाजियाबाद, 26 मार्च 26। थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी थीं। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और अपने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। दोहरे हत्याकांड की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी पत्नी और अपने दोस्त के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने दोनों को अपने घर पर बुलाया और तमंचे से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में आने वाला है, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा छिपाने की बात कही और पुलिस को बरामदगी के लिए जंगल क्षेत्र में ले गया। इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, पुलिस पर फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के ठीक होने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group