मुजफ्फरनगर, 26 मार्च 26। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रम का समापन समारोह राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुजफ्फरनगर के अटल सभागार में आयोजित किया गया। समापन अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, टूलकिट तथा पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन का वितरण किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग उत्तर प्रदेश सरकार कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत, रोजगार और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को टूलकिट, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत 3 बच्चों को लैपटॉप, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा 2 लाभार्थियों को पॉपकॉर्न बनाने की मशीन तथा उत्तर प्रदेश माटी कला बोर्ड की योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए।
आईटीआई परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित स्टॉल एवं चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जहां आम जनता को विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
समापन समारोह के अवसर पर सांस्कृतिक दल द्वारा गीत एवं नाट्य प्रस्तुत किए गए, वहीं विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। सूचना विभाग द्वारा प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गणमान्य नागरिकों को प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया।

