नई दिल्ली, 26 मार्च 26। राजधानी दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की जमाखोरी का बड़ा मामला सामने आया है। आपूर्ति विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक गैस एजेंसी मालिक के गोदाम से 450 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। प्रशासन ने मामले में एजेंसी मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कृत्रिम कमी बनाई जा रही है और सिलेंडर बाजार में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं। शिकायतों के आधार पर पूर्ति विभाग और संबंधित अधिकारियों की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान एजेंसी से जुड़े गोदाम की तलाशी ली गई, जहां बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर स्टॉक में छिपाकर रखे हुए मिले। जांच में कुल 450 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद हुए। अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर जमा करना नियमों के खिलाफ है और इससे कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों ने मौके पर सिलेंडरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी मालिक से स्टॉक और सप्लाई से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं। मामले में लाइसेंस संबंधी कार्रवाई भी की जा सकती है।
