सहारनपुर, 26 मार्च 26। जनपद सहारनपुर की बेहट पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार थाना बेहट क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान विकासनगर रोड पर गांगराव नदी के पास पुलिस टीम ने चार संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहसान उर्फ शानू निवासी देहरादून, मेहरबान निवासी सहारनपुर, दिलशाद निवासी सहारनपुर तथा शमशाद निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई कुल 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सहारनपुर और उत्तराखंड के देहरादून क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और बाद में उन्हें कम कीमत में बेच देते थे। बरामद मोटरसाइकिलों में से कई वाहनों के चोरी के मुकदमे थाना बेहट और शहर कोतवाली में पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group