पोरबंदर। अरब सागर में भारत की समुद्री सीमा के पास सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 किलोग्राम संदिग्ध क्रिस्टलीय मादक पदार्थ बरामद किया है। संयुक्त अभियान में दो विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
यह कार्रवाई भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस ने खुफिया इनपुट के आधार पर की। अधिकारियों के अनुसार, पोरबंदर तट से करीब 140 समुद्री मील दूर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (IMBL) के पास एक संदिग्ध नाव की गतिविधियां ट्रैक की गई थीं।
सूत्रों के मुताबिक, निगरानी के दौरान एक ईरानी नाव को रोका गया। तलाशी लेने पर उसमें 200 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन लगभग 200 किलोग्राम बताया गया है। प्राथमिक जांच में यह सामग्री उच्च गुणवत्ता के क्रिस्टलीय मादक पदार्थ की आशंका जताई जा रही है। जब्त खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि नाव पर सवार दो ईरानी नागरिकों को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिल रहे हैं कि यह खेप समुद्री मार्ग के जरिए भारत में खपाने की योजना थी। बरामद सामग्री को आगे की रासायनिक जांच के लिए भेजा गया है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से समुद्री रास्ते से होने वाली मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। संयुक्त टीम अब इस गिरोह से जुड़े अन्य अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और स्थानीय सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
अधिकारियों ने कहा कि समुद्री सीमाओं पर निगरानी और गश्त को और सख्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की तस्करी की कोशिशों को समय रहते नाकाम किया जा सके।
