लखनऊ, 26 मार्च 26। राजधानी लखनऊ में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्वास्थ्य विभाग की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के डिवाइडर पर चढ़ गई, जहां सो रहे एक मजदूर की वाहन के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
घटना गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की बोलेरो गाड़ी रात के समय फ्लाईओवर से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पर चढ़ गया। डिवाइडर पर एक मजदूर सो रहा था, जो वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक मजदूर की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सवार थे, जो हादसे में सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद चालक मौके पर ही मौजूद रहा और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
