मुजफ्फरनगर, जनपद पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी हाजी इकराम को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचकर विदेश में छिपा बैठा था और हाल ही में सऊदी अरब से वापस लौटते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हाजी इकराम ने अपने साथियों जुनैद अंसारी और खालिद अंसारी के साथ मिलकर “स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” नाम से कंपनी बनाई थी। इस कंपनी के माध्यम से लोगों को वर्मी कम्पोस्ट और जैविक खाद के व्यवसाय में निवेश कराने का झांसा दिया जाता था। आरोपियों ने लोगों को मोटा मुनाफा देने का भरोसा देकर उनसे लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये तक निवेश करा लिया। कुछ समय तक लोगों को भरोसे में रखने के बाद आरोपी पैसा लेकर फरार हो गए।
मामले में कई पीड़ितों की शिकायत पर मुजफ्फरनगर समेत आसपास के जिलों में आरोपियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी हाजी इकराम पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वह विदेश भाग गया था।
बताया जाता है कि आरोपी हाल ही में सऊदी अरब से भारत वापस लौटा था। इसकी सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मॉल रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य साथियों और ठगी गई रकम की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group