सहारनपुर, 26 मार्च 26।  जनपद सहारनपुर में खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक बताकर लोगों पर रौब जमाने और शादी तय करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक लंबे समय से पुलिस अधिकारी बनकर घूम रहा था और लोगों को अपनी नौकरी का झांसा देकर प्रभावित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम शादाब पुत्र शौकत अली निवासी मोहल्ला ढोलीखाल, थाना मंडी, सहारनपुर है। आरोपी खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात दारोगा बताता था और कई जगह पुलिस की वर्दी पहनकर भी जाता था, जिससे लोग उसे असली पुलिस अधिकारी समझ लेते थे।
बताया जाता है कि आरोपी ने अपनी फर्जी नौकरी बताकर एक परिवार में शादी का रिश्ता भी तय कर लिया था। लड़की पक्ष को उसने बताया कि वह सहारनपुर जनपद में ही उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी बीच लड़की पक्ष को युवक की नौकरी को लेकर शक हो गया।
परिजनों ने गुप्त रूप से पुलिस विभाग में जानकारी कराई तो पता चला कि इस नाम का कोई व्यक्ति पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात नहीं है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस में नौकरी से संबंधित कोई नियुक्ति पत्र या पहचान पत्र नहीं दिखा सका। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस वर्दी से संबंधित सामान भी बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी पहचान बनाकर लोगों को गुमराह करने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने पहले भी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर कहीं किसी से ठगी या अन्य लाभ तो नहीं लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group