आकाश तायल (क्राइम रिपोर्टर)
मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र में हाईवे किनारे ढाबों पर सक्रिय ठग गिरोह ने एक बार फिर वारदात को अंजाम देते हुए एक यात्री को नशीली चाय पिलाकर लूट लिया। आरोपियों ने नकदी, जेवर और जरूरी सामान चोरी करने के साथ ही एटीएम कार्ड के जरिए पीड़ित के खाते से करीब 1.85 लाख रुपये भी निकाल लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार के रानीपुर स्थित बीएचईएल सेक्टर-5 निवासी यज्ञपाल सिंह दिल्ली से रोडवेज बस द्वारा हरिद्वार लौट रहे थे। बताया गया कि 10 फरवरी की देर रात करीब 1:30 बजे बस खतौली क्षेत्र के एक ढाबे पर रुकी, जहां यज्ञपाल सिंह शौचालय के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें चाय पीने के लिए दी। चाय पीने के बाद वह बस में वापस आ गए, लेकिन इसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा।
होश आने पर उन्होंने खुद को हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला पार्किंग क्षेत्र में पाया, जहां उनका बैग और पर्स गायब था। पीड़ित के अनुसार पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद थे, जबकि बैग में लगभग 25 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एटीएम और क्रेडिट कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे।
बाद में बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र से करीब 1.85 लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित के बेटे नवीन ने कोतवाली नगर हरिद्वार में शिकायत दर्ज कराई। हरिद्वार पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला खतौली कोतवाली स्थानांतरित कर दिया।
खतौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ढाबों के आसपास सक्रिय संदिग्ध लोगों की पहचान कर गिरोह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
