मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लद्दावाला क्षेत्र में चल रहे सट्टा अड्डे पर देर रात छापा मारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, सट्टा पर्चियां और हिसाब-किताब की डायरी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार नगर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लद्दावाला गली नंबर-9 स्थित इमामबाड़ा के पास एक मकान में अवैध सट्टेबाजी का धंधा चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने देर रात उक्त स्थान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अफसर अब्बास उर्फ जैदी निवासी लद्दावाला और दीपक वर्मा निवासी हनुमान चौक को सट्टा खाईबाड़ी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 20,020 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, हिसाब-किताब की डायरी तथा सट्टा लिखने का सामान बरामद किया। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को थाने ले आई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अफसर अब्बास पर पहले से मारपीट, धमकी और सट्टेबाजी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपक वर्मा पर भी जुआ अधिनियम के तहत पहले से मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का मानना है कि यह लोग लंबे समय से सट्टेबाजी के धंधे में लिप्त थे।
नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है
