बागपत। जनपद के खेकड़ा क्षेत्र स्थित हसनपुर मसूरी गांव में पारिवारिक संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हसनपुर मसूरी गांव निवासी गुंजन उर्फ अंकिता की शादी करीब दो वर्ष पूर्व जयराम उर्फ बिजेंद्र के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही एक सड़क दुर्घटना में उसके पति की मौत हो गई थी, जिसके बाद से गुंजन अपने ससुराल में ही रह रही थी। पति की मृत्यु के बाद परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि गुंजन अपने पति के हिस्से की संपत्ति मांग रही थी और इसी को लेकर परिवार में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। इस संबंध में उसने पहले भी पुलिस से शिकायत की थी। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था।
आरोप है कि विवाद के दौरान जेठ परविंदर गुस्से में आ गया और उसने तमंचे से गुंजन पर फायर कर दिया। गोली लगते ही गुंजन जमीन पर गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे परिवार और गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से कारतूस का खोखा भी बरामद किया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group